आने-जाने के लिए लोगों को होती है परेशानी

अमिलो (आजमगढ़) : रेशमी साड़ी औद्योगिक नगर मुबारकपुर के उत्तर-पश्चिम में तमसा नदी के तट पर आबाद ग्राम पंचायत सोनावर एवं नैठी के सरहद पर पुलिया निर्माण कराने के नाम पर सात साल से केवल दीवार खड़ी करके छोड़ दिया गया है।
इससे लोगों को आने-जाने के लिए बगल से होकर गुजरना पड़ता है और बरसात के दिनों में काफी परेशानियों का सामना उठाना पड़ता है।
सात साल बाद भी पुलिया का निर्माण अधर में लटका हुआ है। इसे लेकर स्थानीय ग्रामीणों में रोष प्याप्त है।
ब्लाक सठियांव क्षेत्र के सोनावर एवं नैठी ग्राम पंचायत की सरहद के नाले पर ग्रामीणों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पिछली बसपा सरकार में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व में रहे मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली के प्रस्ताव पर 27 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण का कार्य शुरू हुआ,
जो इतना समय बीत जाने के बाद भी अब तक पूरा नहीं किया जा सका है।
इससे अच्छा उदासीनता का उदाहरण और क्या हो सकता है कि सात सालों में महज खंभा व दीवार खड़ी कर छोड़ दिया गया है।
अब उसे पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था को किस बात का इंतजार है।
यह तो इसके जिम्मेदार लोग ही जाने। इस संबंध में अखिलेश्वर मल जिला पंचायत जेई ने बताया कि बजट समाप्त हो जाने के कारण पुलिया का निर्माण पूरा नहीं हो सका।
राजकुमार सोनकर, सजीवन सिंह, शकेब अनवर, लाल बहादुर यादव का कहना है कि जब पुलिया का निर्माण कार्य शुरू हुआ था तो हम ग्रामीणों को आशा बंधी थी कि इस कार्य से जहां जलनिकासी की समस्या का समाधान होगा,
वहीं दो ग्राम पंचायतों के लोगों को विशेष रुप से आवागमन भी सुगम होगा।
उक्त मार्ग से क्षेत्र के दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं जो इसे रास्ते जिला मुख्यालय तक जाते हैं।
 ऐसी दशा में क्षेत्रिय लोगों का पुलिया का कार्य पूरा होने का सपना साकार होता नजर नहीं आ रहा है।
लोगों का कहना है कि इस तरफ जन प्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की निगाह शायद सांसद व विधायक के चुनाव के दौरान ही पहुंचेगी।
अमिलो के नैठी गांव में अधूरी पड़ी है पुलिया।

0 comments:

Post a Comment

 
Top